चंदौसी। बनियाठेर थाना क्षेत्र की महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। इसके माध्यम से उसने पड़ोसी समेत दो लोगों पर घर से अगवा कर अज्ञात स्थानों पर रखकर सप्ताहभर तक दुष्कर्म करने और घर से 50 हजार रुपये की नकदी लूटने का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप है कि वह 25 जुलाई की रात को दस बजे घर में लेटी थी, पति छत पर सो रहा था। बाहर के दरवाजे की कुंडी लगाना भूल गई थी। जिसका फायदा उठाते हुए उसका पड़ोसी अपने दूसरे गांव निवासी साथी के साथ उसके घर में घुस आया। आते ही दोनों ने बंदूक के बल पर उसका मुंह कपड़े से बंद कर लिया और अगवा कर ले गए। घर में रखे संदूक से पचास हजार रुपये भी निकाल लिए। गांव से बाहर जाकर उसे चार पहिया गाड़ी पर डालकर ले गए। कई दिनों तक अज्ञात स्थानों पर रखकर दोनों ने उसके साथ रोज दुष्कर्म किया। उसका जेवर भी लूट लिया। दो अगस्त को आरोपियों ने उसे गांव के बाहर लाकर छोड़ दिया। घर जाकर उसने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। तीन अगस्त को बनियाठेर थाने पहुंची। पुलिस ने तहरीर लेकर रख ली, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बनियाठेर थानाध्यक्ष ने बताया कि इस तरह की कोई शिकायत थाने पर नहीं आई है। तहरीर मिलती है तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।