कांठ। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत उपजिलाधिकारी ने टीम को साथ लेकर दो गांवों में विशेष अभियान चलाया है। हाईवे किनारे पड़ी कूड़ियों पर जेसीबी चलवा दी गई। उपजिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा कूड़ियां डाली गई तो कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2018 के तहत शुक्रवार को उपजिलाधिकारी हिमांशु वर्मा ने टीम के साथ तहसील क्षेत्र के गांव गढ़ी और सलेमपुर पहुंचकर जेसीबी की मदद से सड़क किनारे पड़ी कूड़ियों को हटवाया। कूड़ियां डालने वालों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा इस स्थान पर कूड़ियां डाली गई तो सीधे कार्रवाई होगी। अभियान के दौरान गढ़ी के ग्राम प्रधान यासीन कुरैशी, ग्राम विकास अधिकारी दिगंबर सिंह राठी, कुलदीप सिंह, हल्का लेखपाल, राजस्व निरीक्षक सहित कर्मचारियों की टीम मौजूद रही। उपजिलाधिकारी ने कहा कि अभियान में शिक्षकों, राशन डीलरों, क्षेत्र के जागरूक लोग का सहयोग लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अभियान की सफलता को आह्वान किया है।