चंदौसी। बरसात से जिले की विद्युत व्यवस्था बेपटरी हो गई है। कहीं तारों में स्पार्किंग हो रही है तो कहीं ट्रांसफार्मर फुं क रहे हैं। जिले भर में फाल्ट होने के कारण विद्युत व्यवस्था चौपट हो रही है। न तो कहीं मोबाइल ट्रांसफार्मर नजर आ रहे हैं और ना ही रात में बिजली ठीक करने की कोई व्यवस्था दिखाई दे रही है।
पिछले चार दिनों से जिले में बारिश हो रही है। गुरुवार को इस माह की सर्वाधिक बरसात रिकार्ड की गई है। इससे किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है, लेकिन बदइंतजामी का शिकार विद्युत व्यवस्था बेपटरी हो गई है। राज्य सरकार के कड़े निर्देशों के बावजूद विद्युत महकमे ने आपात स्थिति से निपटने के कोई इंतजाम नहीं किए हैं। मोबाइल ट्रांसफार्मर भी नहीं है। कोई ऐसी टीम नहीं है, जो रात्रि कालीन ब्रेकडाउन को दुरुस्त कर सके। यदि शाम को कहीं लाइन में फाल्ट हो गया तो वह सुबह को ही ठीक हो पाता है। लोगों को रात भर अंधेरे में ही रहना पड़ता है। गुरुवार को बरसात के बाद चंदौसी में भी स्टेशन रोड सहित कई मोहल्लों की बिजली रातभर गुल रही। बरसात के दौरान जिले के ग्रामीण अंचलों की बिजली बंद रखी गई। कुछ गांवों को छोड़कर किसी भी गांव को बिजली नहीं मिल सकी है।
धनारी को 48 घंटे में सिर्फ 30 मिनट बिजली मिली
धनारी। लगातार बारिश के चलते धनारी को 48 घंटे में मात्र 30 मिनट बिजली आपूर्ति की गई है। क्षेत्र के गांव भकरौली, डरौली, पाठकपुर, मझौला फतेहपुर, गढ़ा, हरफरी आदि गांव में बुधवार की सुबह बारिश आने के कारण विद्युत सप्लाई बंद हो गई। गुरुवार रात को ट्रिपिंग ने ग्रामीणों को परेशान किया। वहीं, शुक्रवार को सिर्फ 30 मिनट की विद्युत आपूर्ति की गई।