चंदौसी। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने भी जिले में कम वर्षा की आशंका जताते हुए कहा कि फसलोत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसलिए किसानों को मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का तय शर्तो पर लाभ दिया जा सकता है। इसके लिए किसानों को 31 जुलाई तक फसलों का बीमा करा लेना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फसल बीमा कराने के लिए 31 जुलाई अंतिम तिथि है। ऋण कृषक, जिसका मौसम में अधिसूचित फसल के लिए फसली ऋण स्वीकृत है की फसलो का अनिवार्य रूप से बीमा संबंधित बैंक शाखा द्वारा किया जाता है। सभी किसान अपनी इच्छानुसार निकटतम बैंक शाखा/जनसुविधा केंद्र/बीमा कंपनी के एजेंट अथवा सीधे फसल बीमा पोर्टल पर फसलों का बीमा करा सकते हैं। जनपद में अवर्षण/प्रतिकूल मौसमीय पारिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए किसानों से अधिकाधिक संख्या में अपनी फसलों का बीमा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में कराने की अपील की गई है। जिससे आपदा की संभावित परिस्थिति में उनकी क्षति की बीमा योजना के तहत प्रतिपूर्ति सुलभ हो सकें।
फसलों की क्षति की निम्न स्थितियों में बीमा कवरेज अनुमन्य -
1- प्रतिकूल मौसमीय स्थितियों सें ग्राम पचायत में 75 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में फसलों की बुवाई ना कर पाने/असफल बुवाई की स्थिति।
2- फसल की मध्य अवस्था तक प्रतिकूल मौसमीय स्थितियों से ग्राम पंचायत में फसल की संभावित उपज में 50 प्रतिशत से अधिक की क्षति की स्थिति।