बहजोई। नए पुलिस कप्तान यमुना प्रसाद ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि रजपुरा महिला हत्याकांड के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे मामले में गंभीरता दिखा रही है। टीमें ताबड़तोड़ दबिशें दे रहीं हैं। फरार आरोपी भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वह खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
एसपी ने कहा कि जिले को अपराध मुक्त करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जनता से पुलिस सीधा संवाद करेगी। जनता भी पुलिस का सहयोग करे। लापरवाह पुलिसकर्मियों को किसी भी दशा बख्शा नहीं जाएगा। अपराध मुक्त प्रदेश की मंशा को लेकर ही जिले में पुलिस कामकाज करेगी। कोतवाल, सीओ व एएसपी समेत वह खुद पूरी जिम्मेदारी से जिले को अपराध मुक्त करने में जुटेंगे। घटनाओं को तत्काल अटेंड करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। किसी भी परेशानी के तहत लोग पुलिस हेल्प लाइन के नंबर 100, 1090 व 181 कॉल कर सकते हैं। पुलिस तत्काल पहुंचेगी। पुलिस जनता की सुविधाओं के लिए है।