कांठ (मुरादाबाद)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में डीएलएड वर्ष 2018 के नए सत्र के शुभारंभ पर डायट प्राचार्या ने डीएलएड प्रशिक्षुओं को एक आदर्श शिक्षक बनकर बच्चों का भविष्य निर्माण कर देश को आगे बढ़ाए जाने में योगदान करने को कहा। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक ही देश का वास्तविक निर्माता होता है। उन्होंने जीवन को लक्ष्य बनाकर समाज के कम आने की सीख दी।
बुधवार को कांठ डायट की नवागंत प्राचार्या शशीदेवी शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रशिक्षु शिवार परवीन, कविता, निशि, नेहा आदि ने स्वागत गीत और सुनैना ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मधुर स्वरों से सभी के मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्या शशीदेवी शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षु लक्ष्य निर्धारित कर अपनी मंजिल की ओर बढ़े। वरिष्ठ प्रवक्ता चंदना यादव ने प्रशिक्षुओं को इमानदारी के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के बेहतर शिक्षा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डॉ. लोकेंद्र विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर डायट प्रवक्ता अजय विक्रम सिंह, राशिद अली, करूणा सिंह, जबर सिंह, गौरव कुमार आदि उपस्थित रहे।