कांठ। अज्ञात वाहन स्कूटी सवार युवक को टक्कर मारकर फरार हो गया। जिससे स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को गंभीर हालत में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लेकर आई जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
बीती रात्रि जनपद बिजनौर के थाना नूरपुर निवासी मुस्तकीम पुत्र वकील अहमद अपनी स्कूटी से कांठ की ओर आ रहा था। जब वह कांठ थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर भगवानदास के सामने पहुंचे तो पीछे आ रहे अज्ञात वाहन ने उसी स्कूटी को टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में स्कूटी सवार मुस्तकीम गंभीर रूप से घायल हो गया। बेहोशी की हालत में जब राहगीरों ने मुस्तकीम को सड़क पर पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना पुलिस और डायल 100 मौके पर पहुंची और घायल मुस्तकीम को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।