टांडा। बच्चों के साथ घर में गेंद खेल रहे 11 वर्षीय छात्र को सांप ने काट लिया। परिजन सांप के काटने की सूचना पर छात्र को रामपुर के पास स्थित बेनजीर में देसी इलाज कराने हकीम के पास पहुंचे। हकीम ने छात्र को मृत घोषित कर घर वापस भेज दिया।
नगर के मोहल्ला दुलीवाला निवासी कैलाश सिंह का 11 वर्षीय पुत्र क्रिश कक्षा तीन का छात्र था। सोमवार की दोपहर वह घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ गेंद खेल रहा था। खेल रहे बच्चों की गेंद घर में रखे दूध रखने की मिट्टी से बनी बरोसी के पास चली गई। गेंद उठाने दौड़े छात्र को बरोसी के नीचे बैठे सांप ने काट लिया। लेकिन छात्र उस समय परिजनों को बताने कि जगह आंगन में पड़ी छपाई पर लेट गया। कुछ समय बाद छात्र का ताऊ हरीश उर्फ पप्पू ने छात्र के मुंह से झाग निकलता देख आनन-फानन में परिजनों को एकत्र किया। इसके बाद परिजन पुत्र को लेकर रामपुर के नजदीक बेनजीर में देसी उपचार करने वाले हकीम के पास लेकर पहुंचे। हकीम ने छात्र को देखकर मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन बालक को लेकर घर वापस लौट आए। वहीं बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृत बालक की चार बहनें हैं। वह इकलौता पुत्र था। मृत बालक के माता पिता दोनों दिव्यांग हैं। बालक की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।