मिलक। लेखपाल संघ की हड़ताल के कारण आय, जाति और सामान्य निवास के करीब डेढ़ हजार प्रमाण पत्र फंसे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर शासन की नई व्यवस्था अभी लागू नहीं हो पाई है।
नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों ने जन सेवा केंद्र और लोकवाणी केंद्र से अपने जाति, सामान्य निवास और आय प्रमाण पत्रों के आवेदन ऑन लाइन किए थे लेकिन लेखपालों की हड़ताल के कारण उनके पोर्टल पर यह संख्या करीब डेढ़ हजार पार हो गई है। इस कारण उनके प्रमाण पत्र फंस गए हैं। हड़ताली लेखपाल एस्मा लागू होने पर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर अड़े हैं लेकिन वह रिपोर्ट लगाने से हाथ खींचे हुए हैं। जिस कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाए हैं। संबधित लाभार्थी तहसील और जनसेवा केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। शासन के निर्देश पर डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने के आदेश दिए हैं लेकिन यह नई व्यवस्था पर अभी लागू नहीं हो पाई है।