कांठ। लो वोल्टेज और विद्युत कटौती में कोई सुधार नहीं होने पर उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार शिकयत दर्ज कराए जाने के बाद भी सुधार नहीं हुआ है।
कस्बे के साथ ही देहात क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पिछले करीब डेढ़ महीने से चरमराई हुई है। कांठ नगर के साथ ही उमरीकलां में बिजली के उपभोक्ता परेशान है। लो वोल्टेज के कारण बिजली रहने के बाद भी उपभोक्ताओं को कोई लाभ नहीं हो रहा है। इसके साथ ही अघोषित बिजली कटौती को बढ़ा दिया गया है। शाम की बिजली भी नदारद रहने लगी है। विशनपाल सिंह, राकेश सिंह, मोहित कुमार, उदयपाल सिंह, तेजपाल सिंह आदि उपभोक्ताओं ने कहा कि इस समय तो ज्यादा सिंचाई भी नहीं की जा रही है। इसके बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। भाकियू के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौ. ऋषिपाल सिंह ने कहा कि अब आंदोलन के अलावा कोई चारा नहीं है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग खुद सुधार कर ले अन्यथा किसानों को सड़क पर आना पड़ेगा। इधर उपभोक्ता जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष विकास शर्मा, खादर विकास समिति के अध्यक्ष सत्यवान राजपूत ने बिजली व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने की मांग की है। उमरीकलां नगर पंचायत में भी बिजली आपूर्ति की हालत काफी खराब है। यहां के उपभोक्ताओं ने पिछले दिनों तहसील में प्रदर्शन भी किया था।