चंदौसी। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों के साथ शहर के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने भी रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके आए दिन निजी अस्पतालों में तोड़फोड़ व डाक्टरों के साथ मारपीट की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का मुद्दा उठाया। वहीं निजी अस्पतालों में इलाज के लिए मनमानी धनराशि वसूली जाने पर भी प्रतिबंध लगाकर मानक तय किए जाने की भी मांग की गई।
हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, बुदेलखंड के अध्यक्ष माधवेंद्र सिंह व चंदौसी के वरिष्ठ चिकित्सक डा.वीरेश कुमार सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जिले में बिजली और सड़कों का हाल पूंछा तो स्पष्ट बताया कि सडकों में कोई खास सुधार नहीं है लेकिन बिजली अच्छी आ रही है। डा.वीरेश कुमार ने उन्हें बताया कि यदि किसी अस्पताल में मरीज मर जाता है, भले ही परिजन उसे घर से ही मृत अवस्था में लाए हो लेकिन अस्पतालों में तोड़फोड़ व चिकित्सकों के साथ मारपीट की घटनाएं होती है, जिससे डाक्टरों में असुरक्षा की भावना पनप रही है, बहुत से डाक्टरों ने रात को मरीज देखना ही बंद कर दिया है। निजी अस्पतालों के आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध होने चाहिए। कोई एक ऐसा नंबर भी होना चाहिए, जिससे डाक्टर पुलिस से सीधे बात कर सकें। निजी अस्पतालों में उपचार के नाम पर मरीज से भारी धन उगाही भी गलत है, निजी अस्पतालों के लिए भी चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेट निर्धारित किए जाने चाहिए। संभल जिले के दोबारा परिसीमन कराए जाने की भी बात मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुनकर विचार करने का भरोसा दिलाया है।