बहजोई। दिन भर बादलों व धूप की की आंख-मिचौली के बीच मौसम उमस भरा रहा। छिटपुट बूंदा-बांदी ने गर्मी से कुछ राहत दिलाई। लोगों का पूरा दिन तेज बरसात के इंतजार में बीता। देर शाम तक उमस भरी गर्मी रही।
सोमवार को देर रात व सुबड़ तड़के में हुई बूंदा-बांदी से पहले तो लोगों का कुछ राहत रही। बाद में जैसे-जैसे दिन चढ़ने लगा, वैसे-वैसे कभी घने बादलों तो कभी तेज धूप की आंख-मिचौली ने मौसम को उमस भरा कर दिया। जैसे ही आसमान में बादल छाते, तो लोगों को लगता कि अब बरसात आ जाएगी, लेकिन जैसे ही बादलों की ओट से सूरज बाहर निकल कर आते और धूप के साथ ही तेज उमस हो जाती। इससे लोगों की बरसात को लेकर कुछ हद तक आस टूट जाती। शाम तक यही सिलसिला रहा। शाम होने तक सूरज की तपन तेज उमस छोड़ गई और देर रात तक लोगों को इस तेज उमस का सामना करना पड़ा। यह बात दीगर है कि बीच-बीच में हवा के कुछ झोंकों ने मौसम में बदलाव करते हुए गर्मी से राहत का अहसास कराया। लोगों का पूरा दिन तेज बरसात के इंतजार में ही गुजरा।