लोक कल्याण मेले में 11 लाभार्थियों को दी प्रधानमंत्री आवास की चाभी
बहजोई। जिलास्तरीय लोक कल्याण मेले में 11 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले आवासों की चाभी दी गई। साथ ही अच्छे कार्य करने वाले आठ ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। वहीं, मेले में विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाकर किसानों को लाभार्थी परक योजनाओं की जानकारी दी गई।
शुक्रवार को सुबह 11 बजे करीब लोक कल्याण मेला का शुभारंभ सांसद सत्यपाल सिंह सैनी ने प्रदर्शनी का फीता काटकर किया। इसके बाद सांसद ने अधिकारियों संग प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गान की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं ने मनमोहक नृत्य कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। सांसद समेत जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी, पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अमिता सिंह व अपर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 11 लाभार्थियों को आवासों की चाभी सौंपी। 50 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल बांटीं। इसके अलावा 11 आशा संगिनी को साइकिल दी गईं। साथ ही अच्छे कार्य करने वाले आठ ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति-पत्र, शॉल और नारियल देकर सम्मानित किया गया। इस बीच जिले के विकास कार्यों की पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। सांसद, डीएम, एसपी व सीडीओ ने विचार रखते हुए सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। राज्यमंत्री गुलाब देवी के अभिभाषण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। संचालन पीडी हरेंद्र सिंह व डीपीआरओ जाहिद हुसैन ने किया। डीडीओ अरविंद कुमार, एआर कॉपरेटिव योगेंद्र पाल सिंह, डीएफओ एमपी सिंह, डीएओ डा. नरेंद्र कुमार सिंह, डीएचओ जगदीश कुमार, डीआईओएस विनोद कुमार व सहायक जिला सूचना अधिकारी मिथलेश यादव मौजूद रहे।