मीजल्स रुबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान आखिरकार स्कूलों और मदरसों के बाद अब आबादी क्षेत्रों में शुरू हो गया है। जिले में ग्रामीण ब्लाकों ने 96.5 फीसदी टीकाकरण कराने के साथ लक्ष्य पूरा कर लिया है। शहरी क्षेत्र में 81.4 फीसदी बच्चों को टीके लगे हैं। शहरी क्षेत्र में अब आबादी क्षेत्र में अभियान शुरू करवा दिया है।
मुरादाबाद जिले में 1196345 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य है। 26 नवंबर से टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई है। पहले चरण में स्कूलों, मदरसों और आंगनबाड़ी सेंटरों में 95 फीसदी को कवर करने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए 31 जनवरी तिथि निर्धारित थी। जनवरी आखिरी सप्ताह में संविदा कर्मियों की हड़ताल से टीकाकरण का लक्ष्य बाधित हो गया। जिसके चलते प्रशासन ने एक सप्ताह की तिथि बढ़ाते हुए 95 फीसदी टीकाकरण करने का लक्ष्य जारी किया था। दूसरी बार टीकाकरण की तिथि बढ़ाए जाने के बाद भी शहरी क्षेत्र में 95 फीसदी टीकाकरण नहीं हो सका है।
स्वास्थ्य विभाग से जारी आंकड़ों के मुताबिक शनिवार तक जिले में 92.6 फीसदी टीकाकरण हुआ है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र 96.5 फीसदी लक्ष्य को पूरा कर चुके हैं। शहरी क्षेत्र में 81.4 फीसदी टीकाकरण हुआ है। ग्रामीण ब्लाकों की तरह अब शहरी क्षेत्र में भी आबादी इलाकों में टीकाकरण शुरू करवा दिया है। स्कूलों, मदरसों और आंगनबाड़ी सेंटरों में टीका लगाने से छूटे हुए बच्चों को चिह्नित कर टीके लगाए जाएंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा के मुताबिक बुधवार तक जिले में ओवर ऑल 95 फीसदी टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।
11 हजार बच्चे मुरादाबाद के, टीकाकरण संभल ने कराया
मुरादाबाद। जिले के बिलारी ब्लाक के 10 ग्राम पंचायतों के करीब 11 हजार बच्चों का टीकाकरण संभल जिले ने कराया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि 11 हजार बच्चों का टीकाकरण का लक्ष्य संभल जिले के स्वास्थ्य विभाग को आवंटित हुआ था।