महिला अस्पताल स्थित आयुष्मान बीमा योजना का कियोस्क काउंटर शुक्रवार को अचानक बंद होने से लोगों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद भी कियोस्क नहीं खोला गया। इससे नाराज लोगों ने कियोस्क कर्मी पर मनमर्जी से काउंटर खोलने और बंद करने का आरोप लगाया।
आयुष्मान बीमा योजना में अनुबंधित सभी अस्पतालों में लाभार्थियों की सुविधा के लिए कियोस्क खोले गए हैं। इनमें लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने से लेकर संबंधित अस्पताल में मरीज के भर्ती होने पर कागजी औपचारिकताएं पूरी कराई जाती हैं। इसके बाद ही कैशलेस इलाज सुविधा मिलती है। महिला अस्पताल में भी कियोस्क काउंटर खोला गया है। काउंटर खुलने का समय सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक है। लोगों का आरोप है कि अस्पताल का काउंटर कर्मचारी की मनमर्जी से खुलता और बंद होता है।
शुक्रवार को काउंटर देरी से खुला। काउंटर के पास गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए लोगों की भीड़ एकत्र थी। काउंटर खुलने पर भी कर्मचारी ने गोल्डन कार्ड बनाने से मना कर दिया। इस बीच कुछ कार्ड बनाए गए। सुबह नौ बजे से लाइन में लगे लोगों ने कार्ड बनवाने की प्रक्रिया जल्दी कराने की गुजारिश की। इस पर कर्मी भड़क गया। कर्मचारी ने काउंटर ही बंद कर दिया। इससे लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने नाराजगी जताते हंगामा किया। काउंटर कर्मी इसके बाद भी नहीं आया। आखिर में सुबह से लाइन में लगे लोगों को जिला अस्पताल के आयुष्मान कियोस्क जाना पड़ा। वहां भी लाइन में लगकर गोल्डन कार्ड बनवाए। जिला अस्पताल में शुक्रवार को 80 गोल्डन कार्ड जारी किए गए।