मुरादाबाद में गेंदबाजी का हुनर सीखने वाले विपिन कुमार हरियाणा की अंडर 23 क्रिकेट टीम में चयन होने के बाद शनिवार को अपने पहले मैच में नजर आएंगे। विपिन के हरियाणा टीम में खेलने से उनके प्रशिक्षण और साथी खिलाड़ियों में उत्साह है।
विपिन कुमार हरियाणा मूल हैं और पिता का कनाडा में कारोबार है। कनाडा में पढ़ाई पूरी करने के बाद विपिन कुमार को क्रिकेट का शौक खींचकर मुरादाबाद ले आया। विपिन मुरादाबाद में ढाई साल से क्रिकेट प्रशिक्षण मिर्जा दानिश आलम से गेंदबाजी के गुर सीख रहे थे। इस बीच अपनी गेंदबाजी से उन्होंने कोलकाता श्याम बजाज क्लब में जगह बनाई और लीग मैच खेले। इसी दौरान कनाडा रिजाइना यूनाइटेड टीम से भी अपनी गेंदबाजी की बदौलत जगह बनाई।
अक्तूबर में विपिन का चयन हरियाणा की अंडर 23 क्रिकेट टीम में हुआ है। हरियाणा और उड़ीसा के बीच टेस्ट मैच शुक्रवार से शुरू हुआ है। हरियाणा की टीम ने पहले दिन बल्लेबाजी की। शनिवार को टीम क्षेत्ररक्षण करेगी। इसमें विपिन अपनी गेंदबाजी का हुनर दिखाएंगे। विपिन के प्रशिक्षक और साथी खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं। विपिन मुरादाबाद में जिगर कालोनी में किराये के मकान पर रहता था।