पॉलिथीन बंद होने की स्थिति में दूध कंपनियों ने विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं। दूध सप्लाई के लिए कंपनियां अपने मिल्क एटीएम लगाएंगी। कई कंपनियों के ऐसे एटीएम पहले से ही चल रहे हैं। पराग ने शहर में छह मिल्क एटीएम लगाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही दही और घी को मिट्टी की पक्की हांडी में बाजार में उतारा जाएगा।
15 अगस्त से प्रत्येक प्रकार की पॉलिथीन बंद करने की तैयारी है। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी दूध-दही आदि की आपूर्ति में महसूस की जा रही है। दूध निर्माता कंपनियों ने भी इसका विकल्प तलाशना शुरू कर दिया है। बड़े शहरों में पहले से ही मिल्क एटीएम लगे हुए हैं। पराग ने भी सभी बड़े शहरों में मिल्क एटीएम लगाने की तैयारी की है। महानगर में प्रथम चरण में छह एटीएम लगाए जाएंगे। अब दूध की ज्यादातर कंपनियां अपने उपभोक्ताओं को एटीएम के आकार का कैश कार्ड जारी करेंगी। इसके साथ ही नकद सिक्के डालकर भी दूध लिया जा सकेगा।
पराग के जीएम एसआर राणा ने बताया कि दूध खुला हुआ ही बिक्री किए जाने की तैयारी है। यदि शासन स्तर पर कोई अलग निर्णय लिया जाता है तो उसका पालन किया जाएगा। इसके साथ ही घी व दही को मिट्टी का पक्की हांडी में दिया जाएगा। फिलहाल पराग ने अपनी खीर को प्रयोग के तौर पर हांडी में देना शुरू कर दिया है। पॉलिथीन बंद करने में कंपनी अपना सहयोग करेगी।