बिलारी। अपनी विभिन्न विभागीय मांगों को लेकर लेखपाल संघ के तत्वावधान में बिलारी तहसील के लेखपालों की बेमियादी कलमबंद हड़ताल लगातार पांचवें दिन शनिवार को भी जारी रही।
शनिवार की सुबह तहसील खुलते ही समस्त लेखपाल तहसीलदार कार्यालय के सामने दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। हड़ताली लेखपालों को संबोधित करते हुए लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लेखपालों की हड़ताल की बाबत दिए गए बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। लेखपाल संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री का ऐसा बयान कर्मचारियों के प्रति उनके नकारात्मक व्यवहार का परिचायक है।
वक्ताओं ने कहा कि लेखपाल संघ का चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। यदि लेखपालों की मांगें नहीं मानी गईं तब आंदोलन के चौथे चरण में समस्त लेखपाल जिला मुख्यालय पर इकट्ठा होकर कार्य बहिष्कार करेंगे। धरना स्थल पर रूपेश यादव, कुलदीप सक्सेना, ब्रह्मपाल सिंह, किशनलाल सैनी, रामवीर सिंह, सोमपाल सिंह, दिनेश कुमार, ललित कुमार, रणवीर सिंह, छत्रपाल सिंह, प्राची, शिवी, नाजिया, संगीता, विमला, रामसिंह, रामवीर सिंह, मसूद अख्तर, मुशारिक हुसैन आदि ने विचार रखे।