मुरादाबाद। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अंतर्जनपदीय तबादला होकर मुरादाबाद पहुंची शिक्षिकाओं के क्यूआर कोड और दस्तावेजों का सत्यापन कार्य शुक्रवार को पूरा हो गया। कई शिक्षिकाओं की फाइलों में कागजी औपचारिकताएं पूरी नहीं मिलीं। बीएसए ने सोमवार तक कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
मुरादाबाद जिले में बाहरी जिलों से 303 टीचर आए हैं। इनमें 302 शिक्षिकाएं हैं। स्कूल आवंटन नहीं होने से शिक्षिकाओं की रोजाना नगर संसाधन केंद्र में हाजिरी लग रही है। बेसिक शिक्षा परिषद के जिले में 1225 स्कूल हैं। अंतर्जनपदीय तबादले वाले शिक्षिकाओं की ग्रामीण ब्लाकों के स्कूलों में तैनाती होनी है। बीएसए कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से स्कूलों में शिक्षकों के सृजित पद एवं रिक्त पदों की सूची मांगी है, ताकि उसी आधार पर शिक्षिकाओं को स्कूल आवंटन किया जा सके।
बीएसए योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को शिक्षिकाओं के क्यूआर कोड एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया। सत्यापन में कई शिक्षिकाओं के कागजी दस्तावेज अधूरे मिले। बीएसए ने सोमवार तक कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। तबादला होकर पहुंची शिक्षिकाओं की सात जुलाई तक स्कूलों में तैनाती होनी थी, लेकिन अभी तक विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्कूल कैसे आवंटित किए जाएंगे, इसको लेकर बीएसए कार्यालय में माथापच्ची हो रही है।
- अंतर्जनपदीय तबादला होकर पहुंचे शिक्षकों को ज्वाइनिंग तो करवा दी गई, लेकिन दस्तावेजों की जांच करना जरूरी था। दस्तावेजों में कई शिक्षिकाओं ने आधे अधूरे कागज लगाए हैं। ऐसे शिक्षिकाओं की छटनी कर सूची बीएसए और नगर संसाधन केंद्र कार्यालय में चस्पा कर दी है। सोमवार तक कागज पूरे करने को कहा गया है।
- योगेंद्र कुमार, बीएसए।