दिल्ली से पटना जा रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के गाजियाबाद के पास पटरी से उतर जाने की वजह से दिल्ली - मुरादाबाद रूट पर चलने वाली ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। ट्रेन के इंतजार में लोग भीषण गर्मी में कई घंटे तक इंतजार करते रहे। इस दौरान आला हजरत सहित कई ट्रेन निरस्त कर दी गईं हैं।
दिल्ली की ओर से सहरसा तक जाने वाली जन सेवा एक्सप्रेस सात घंटे तक लेट रही। इस ट्रेन के इंतजार में लोगों को मुरादाबाद स्टेशन पर दोपहर से देर रात तक इंतजार करना पड़ा। नई दिल्ली - रामपुर बरेली एक्सप्रेस, दिल्ली बरेली - लखनऊ फैजाबाद, दिल्ली-लखनऊ-प्रतापगढ़ को जाने वाली पदमावत एक्सप्रेस, मेरठ से इलाहाबाद जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस, नई दिल्ली से मालदा, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता एक्सप्रेस तथा हरिद्वार से रामनगर जाने वाली ट्रेने पांच घंटे तक लेट हुईं। यही स्थिति लखनऊ की ओर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों की रही।
इतना ही नहीं, दिल्ली से मुरादाबाद पैसिंजर ट्रेन पांच घंटे देरी से आई। इंटर सिटी एक्सप्रेस भी चार घंटे देरी से पहुंची। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गाजियाबाद में सप्तक्रांति ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण ट्रेनें काफी देर तक लेट हुईं हैं। जबकि हकीकत यह है कि प्रतिदिन अधिकांश ट्रेन लेट चल रहीं हैं। ट्रेनों की लेट लतीफी से खफा रेल मंत्री ने अफसरों के प्रमोशन पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए हैं। उनकेइस निर्देश केबावजूद ट्रेनों का संचालन पटरी पर नहीं आ पा रहा है।