एनडीए ने राष्ट्रपति पद के लिए बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद को प्रत्याशी बनाया है। इसके लिए मुरादाबाद के शहर विधायक रितेश गुप्ता प्रस्तावक बनाए गए हैं। प्रस्तावकों में उत्तर प्रदेश के 50 विधायक और सांसद शामिल हैं। उधर, रामनाथ कोविंद के नाम की घोषणा होने के बाद भाजपाइयों में खुशी की लहर है। कई स्थानों पर मिठाई बांटी गई।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को संसदीय बोर्ड की बैठक में राष्ट्रपति पद के लिए रामनाथ कोविंद के नाम की घोषणा की। इसके लिए रविवार को ही शहर विधायक रितेश गुप्ता समेत यूपी के 50 विधायक और सांसदों को दिल्ली बुला लिया गया। रितेश गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव में प्रस्तावक बनाना उनके और मुरादाबाद के लिए सम्मान की बात है। कोविंद के चयन से भाजपा में हर्ष की लहर है।
उधर, भाजपा के जिला कार्यालय पर मिठाई बांटी गई। जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मे रामनाथ कोविंद संविधान के अच्छे जानकार है, उनके ज्ञान से देश को लाभ मिलेगा। इस मौके पर आकाश पाल, हुकुम सिंह, दिनेश शर्मा, गित्रपाल सिंह, धर्मात्मा पांडेय, दिग्विजय सिंह, राजन विश्नोई, मीडिया प्रभारी रचित गुप्ता, पूरन सैनी आदि मौजूद रहे। महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में मिठाई बांटी गई। इस मौके पर महामंत्री राहुल शर्मा, राकेश शर्मा, नत्थूराम कश्यप, वीरपाल सिंह, मीडिया प्रभारी विपिन गुप्ता, आरडी चतुर्वेदी, योगेश कश्यप आदि मौजूद थे।