सीवर खुदाई से रोडवेज यात्रियों पर बढ़ा 27 रुपये का बोझ
- मुरादाबाद से बाईपास के रास्ते कांठ रूट पर जाने वाली बसों का किराया बढ़ा
- हनुमान मूर्ति, लाकड़ी तिराहा, पकाबड़ा अगवानपुर के रास्ते जा रही बसें
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
फव्वारा तिराहा से कपूर कंपनी तक शुरू हुई सीवर लाइन की खुदाई ने रोडवेज यात्रियों की जेब का भार बढ़ा दिया है। मुरादाबाद बस अड्डे से घूमकर कांठ रूट पर जाने वाली बसों के किराए में 27 रुपये का इजाफा हो गया है। कांठ रूट पर जाने वाले यात्रियों को 27 रुपये अधिक देने पड़ रहे हैं। वहीं मंजिल तक पहुंचने में यात्रियों को अधिक समय भी लग रहे हैं। ये व्यवस्था सीवर खुदाई तक बनी रहेगी।
हाईवे पर सीवर खुदाई के दूसरे चरण में सोमवार की रात फव्वारा तिराहे से कपूर कंपनी तक काम शुरू हो गया। स्टेशन रोड पर जाम की स्थिति न बने इसके लिए कपूर कंपनी से फव्वारा तिराहे तक ट्रैफिक वन कर दिया गया है। पीलीकोठी की ओर से आने वाले वाहन डीआरएम आफिस, रेलवे अस्पताल के रास्ते कपूर कंपनी तक जा रही हैं। स्टेशन रोड पर बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। सभी बसें बाईपास के रास्ते मुरादाबाद और पीतलनगरी बस अड्डे पर पहुंच रही हैं। हरिद्वार देहरादून रूट की बसों को हनुमानमूर्ति, पंतिड नगला, कोहिनूर तिराहा, लाकड़ी तिराहा, पाकबड़ा, अगनवापुर के रास्ते भेजा जा रहा हैै। इसके चलते बसों को 28 किमी अधिक चक्कर लगाना पड़ रहा है। आरएम अतुल जैन ने बताया कि रूट डायवर्जन से कांठ रोड वाली बसों को 28 किमी घूमकर जाना पड़ रहा है। इसलिए किराए में 27 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
कहां का कितना हुआ किराया
कांठ-----------58 रुपये
स्योहारा---------78 रुपये
नगीना----------110 रुपये
नजीबाबाद------137 रुपये
हरिद्वार---------196 रुपये
देहरादून--------262 रुपये
तहसील से चली धामपुर की अनुबंधित बसें
मुरादाबाद। धामपुर की अनुबंधित बसें गुरुवार को तहसील के पास चलाई गई। यहां अस्थाई बस अड्ड बनाया गया है। यात्रियों को तहसील तक पहुंचने में दिक्कत न हा,े इसके लिए पीलीकोठी से सवारियां भरी गई। बसें सवारी लेने के लिए पीलीकोठी तक आई।