मामूली बारिश से जलमग्न हुई चंदौसी
चंदौसी। मौसम का मिजाज नगरवासियों और किसानों को मायूस करता नजर आ रहा है। न गर्मी से राहत मिल पा रही है और न ही किसानों की फसलों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बारिश का जल। ऐसे में मौसम के तल्ख रुख से हर तरफ हा हाकार है। सोमवार को मामूली बारिश के बाद नगर के प्रमुख मार्ग जलमग्न हो गए। थोड़ी ही देर में चटक धूप ने उमस और भीषण गर्मी से लोगों को मुहाल कर दिया। बूंदाबांदी से किसानों की उम्मीदों को भी पंख नहीं लग सके।
इंद्रदेवता ने सोमवार को अपराह्न दो बजे बूंदाबांदी की तो लोगों की उम्मीद एक बार फिर से जग गई। नगरवासियों को गर्मी से निजात तो किसानों को फसलों के लिए सिंचाई के लिए बारिश से राहत मिलती दिखी। लेकिन मामूली बारिश से न तो गर्मी से निजात मिली और न ही फसलों की सिंचाई हो सकी। राहत की उम्मीद में लोगों को नगर में जलभराव के बाद आफत का सामना करना पड़ा। नगर के मुख्य मार्ग जलमग्न हो गए। तालाब की शक्ल में सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों ने मुसीबत के बीच अपना सफर तय किया। करीब 15-20 मिनट हुई बूंदाबांदी के बाद चटक धूप ने जनजीवन पर प्रतिकूल असर डाला। मामूली बारिश के बाद तेज धूप से भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल नजर आए।