जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाती महिला।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष असद मौलाई की पत्नी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। उन्हें कॉसमॉस हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। दो दिन पहले ही कांग्रेस नेता के भाई की मौत हो गई थी। वहीं कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच तीसरे दिन भी संक्रमित मरीजों का आंकड़ा सौ के पार रहा। शनिवार को जिले में एलआईयू सीओ और बैंक मैनेजर समेत डेढ़ सौ संक्रमित मरीज मिले। संक्रमितों में एक परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं।
कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष असद मौलाई के मुताबिक उनकी पत्नी नगमा मौलाई को खांसी की शिकायत हुई थी। शुक्रवार को उन्हें कॉसमॉस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां जांच में वह कोरोना संक्रमित पाई गई। इलाज के दौरान शनिवार शाम उनकी मौत हो गई। दो दिन पहले असद मौलाई के भाई की मौत हुई थी। शनिवार को उनका तीजा था। दूसरी ओर संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। शनिवार को जिले में 150 नए पॉजिटिव केस मिले। इसमें रेलकर्मी के परिवार के चार और टीडीआई सिटी के एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। वहीं एलआईयू सीओ, बैंक मैनेजर, निर्यातक, नगर निगम कर्मी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि हाईडिल कालोनी में पांच और गोविंद नगर में चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा सीधी सराय, मानसरोवर कालोनी, रामगंगा विहार, गाड़ीखाना, करुला, गोविंदपुर, मंडी चौक, मझोला, बुद्धि विहार, राम तलैया लाइनपार, हरथला, प्रिंस रोड, लाजपतनगर में भी संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 12749 हो गई है, जबकि एक्टिव केस बढ़कर 670 हो गए हैं।