यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। परीक्षा के लिए संवेदनशील केंद्रों की सूची तैयार कर ली गई है। जिसमें 15 अतिसंवेदनशील और 12 संवेदनशील केंद्रों को शामिल किया गया। परीक्षा के दौरान इन केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
18 फरवरी से यूपी बार्ड परीक्षा-2016 शुरू हो रही हैं। परीक्षा के लिए तैयारियां भी जोरों पर हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिसके तहत सभी व्यवस्थाओं का प्रपोजल तैयार कर जिलाधिकारी की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
मुरादाबाद में बनाए गए 178 परीक्षा केंद्रों में 12 संवेदनशील और 15 अतिसंवेदनशील केंद्रों की सूची में शामिल किए गए हैं। मुरादाबाद तहसील में सात, बिलारी में तीन, कांठ में दो और ठाकुरद्वारा में 15 परीक्षा केंद्र इस सूची में शामिल हैं। जबकि ठाकुरद्वारा के 15 केंद्रों को अतिसंवेदनशील बनाया गया है।
इन सभी केंद्रों पर स्ट्रेटजिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा जिले को 29 सेक्टरों में बांटा गया है। मुरादाबाद तहसील में 15, बिलारी में चार, कांठ में तीन, ठाकुरद्वारा में आठ सेक्टर बनाए गए हैं। सभी सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. आईपीएस सोलंकी ने बताया कि शासन के आदेशानुसार नकलविहीन परीक्षा की तैयारियां कर ली गई हैं। इस प्रस्ताव को जिलाधिकारी की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
सचल दस्तों के निरीक्षण का रहेगा रिकार्ड
बोर्ड परीक्षा के दौरान सचल दस्तों ने क्या किया, कितने विद्यालयों में निरीक्षण किया, परीक्षा केंद्र पर क्या खामियां मिलीं इसका कोई रिकार्ड नहीं रखा जाता। पिछले सालों का कोई रिकार्ड नहीं होने से विद्यालयों का ब्योरा नहीं रहने से व्यवस्था बनाने में दिक्कत होती है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि इस साल नई व्यवस्था की जा रही है। सभी सचल दस्तों को एक प्रपत्र दिया जाएगा। जिसमें दिए गए बिंदुओं पर निरीक्षण के बाद रिपोर्ट देनी होगी। उनका रिकार्ड बनाया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों में व्यवस्थागत खामियों को भी दर्ज कराएंगे। जिससे आगामी वर्षों में परीक्षा केंद्र निर्धारण में दौरान उनका उपयोग किया जा सके।