अरमान ने सहारनपुर के आजाद को हराया
- गजरौला के खेड़की कुमराला में सात दिवसीय एकता विराट कुश्ती-दंगल का चौथा दिन
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला (अमरोहा)। राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती दंगल में चौथे दिन भी भीड़ उमड़ी। अखाड़े में जिले के पहलवानों के साथ कई अन्य स्थानों से आए पहलवानों ने एक से बढ़कर दांव-पेच दिखाए। कुश्ती को लेकर दर्शकों में खूब उत्साह रहा, जिले के पहलवानों को भी खूब समर्थन मिला। इस बीच अमरोहा के गांव पपसरा के पहलवान अरमान ने सहारनपुर के आजाद को एक रोमांचक मुकाबले में पटखनी दे डाली। नौ मिनट चली इस कुश्ती में कई बार दर्शकों की सासें थमीं नजर आईं। आखिरकार अमरोहा के पहलवान ने जिले का मान बढ़ाया।
गजरौला के खेड़की कुमराला में मंगलवार को आयोजित हो रहे दंगल में दूसरे मुकाबले भी रोमांचक रहे। गजरौला के गांव बसेली के रविंद्र और सहारनपुर के भगत के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। बुलंदशहर के सागर और गाजियाबाद के उस्मान के बीच भी हार-जीत का निर्णय नहीं हो सका। बागपत के जाकिर ने दिल्ली के हरिओम को खूब छकाया, लेकिन मुकाबला बराबरी पर रहा। बुलंदशहर के भोला ने गाजियाबाद के कुंदन को खूब दांव दिखाएं, लेकिन नतीजा बराबर ही रहा। बच्चों की कुश्ती में गजरौला कुमाला के आठ वर्षीय दक्ष ने पक्कापुल के रामाशंकर को कड़ी टक्कर दी। रेफरी की भूमिका अकबर व मुंतियाज ने निभाई। इस मौके पर दंगल संयोजक लखपत सिंह आदि मौजूद रहे।