बीएलओ ड्यूटी में तैनाती शिक्षकों ने शनिवार को सदर तहसील में प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने एसडीएम पर अभद्रता करने एवं उनके अर्दली पर धक्का मारने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद शिक्षक एसडीएम की बुलाई बैठक का बहिष्कार कर वापस लौट आए। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ पदाधिकारियों ने कहा कि एसडीएम और उनके अर्दली के खिलाफ कार्यवाही नहीं होने पर शिक्षक बीएलओ ड्यूटी का बहिष्कार करेंगे।
शिक्षक संघ महानगर अध्यक्ष राकेश कौशिक ने बताया कि शनिवार दोपहर एसडीएम सदर श्रद्धा पांडियल ने चुनाव तैयारी समीक्षा बैठक के लिए बीएलओ को बुलाया था। दोपहर 12 बजे करीब तीन सौ से अधिक बीएलओ ड्यूटी वाले शिक्षक तहसील पहुंच गए। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तक बैठक शुरू नहीं हुई। राकेश कौशिक का कहना है कि शिक्षकों ने एसडीएम से बैठक शुरू करवाने की गुहार लगाई। एसडीएम भड़क गई और अर्दली से शिक्षकों को खदेड़ने का आदेश दे दिया। राकेश कौशिक का आरोप है अर्दली ने शिक्षकों के साथ धक्का मुक्की की। इससे भड़के कुछ शिक्षक एसडीएम के पास पहुंचे और अर्दली की शिकायत की। एसडीएम ने भी शिक्षकों के साथ अभद्रता की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल शर्मा का कहना है कि एसडीएम और अर्दली के अभद्र व्यवहार पर शिक्षकों ने प्रदर्शन किया और बैठक का बहिष्कार कर वापस लौट आए। संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने दांग स्कूल में बैठक की। शिक्षकों ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह को एसडीएम और अर्दली के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर सोमवार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। तीन दिन के भीतर कार्यवाही नहीं होने पर शिक्षक बीएलओ ड्यूटी का बहिष्कार करेंगे। बैठक में वसीम मशरूर, सुगंध गुप्ता, शहनवाज अख्तर, एजाज अलहक, धर्मवीर, व्योम गुप्ता, शाकिर अली, रेनू सिंह, मीनाक्षी देवी, लवली सक्सेना और सुशीला देवी समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
- शिक्षकों के आरोप बेबुनियाद हैं। शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी के लिए बुलाया गया था। नायब तहसीलदार स्तर पर बीएलओ को ट्रेनिंग दी गई। अर्दली और उनके साथ शिक्षकों की कोई वार्ता नहीं हुई। - श्रद्धा पांडियल, एसडीएम, सदर
11 और 12 को ईवीएम की ट्रेनिंग
शिक्षा विभाग के बीएलओ की 11 और 12 मार्च को सभी ब्लाकों में ईवीएम की ट्रेनिंग दी जाएगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन लक्ष्मी शंकर सिंह ने बताया कि 60-60 बीएलओ के ग्रुप बनाकर एक-एक घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण एसडीएम और सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारियों की ओर से दिया जाएगा।