बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित राज्य पोषण मिशन के तहत गठित जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक में जिले में 36693 कुपोषित बच्चे चिन्हित होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई है। डीएम ने नवजात शिशुओं का वजन 2.5 किलोग्राम से कम होने के मामले सामने आने पर भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कुपोषण की रोकथाम के लिए गांव, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर कार्य योजना तैयार करके मजबूती से काम करने और इस मुद्दे पर एक कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. अनुपमा शांडिल्य ने बताया कि जिले में कुल 36693 बच्चों को चिन्हित किया गया है। इनमें से 1627 बच्चों को लाल श्रेणी से पीली श्रेणी में लाया गया है। कुपोषण मुक्त हुए बच्चाें का आंकड़ा भी जुटाया जा रहा है। डीपीआरओ ने जानकारी दी कि गांव - गांव जाकर सुपोषण स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें पोषाहार का वितरण होता है। नवजात शिशु को एक घंटे के अंदर स्तनपान कराने के लिए जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, प्रसव पूर्व मासिक जांचें, परिवार में जॉब कार्ड एवं राशन कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य पोषण मिशन के अंतर्गत 15 को ममता दिवस, 26 को लाडली दिवस, 29 को बचपन दिवस मनाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने आरबीएसए की टीमों द्वारा कराए गए कार्यों की प्रगति देखकर नाराजगी व्यक्त की और सभी टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।