रेलवे विजिलेंस पिछले तीन दिन से शहर में मौजूद रह कर रेलवे भर्ती परीक्षा केंद्र की निगरानी कर रही है। परीक्षा को शांति पूर्ण व निष्पक्ष कराने के लिए रेलवे ने पूरी ताकत झोंक दी। परीक्षा केंद्रों के साथ ही शहर में साइबर कैफे और अन्य जगह भी छापेमारी की जा रही है।
रेलवे में 90 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में सहायक लोको पायलट और टेक्नीशियन के पदों पर परीक्षा चल रही है। नौ से 31 अगस्त तक दस दिन चलने वाली भर्ती परीक्षा के लिए मुरादाबाद रेल मंडल में देहरादून में चार, रुड़की में एक, मुरादाबाद में एक, बरेली में तीन और हरिद्वार में दो परीक्षा केंद्र बनाए हैं। ये परीक्षा तीन शिफ्टों में कंप्यूटर पर आन लाइन कराई जा रही है। भर्ती परीक्षा में धांधली रोकने के लिए रेलवे विजिलेंस को भी लगाया गया है। मुरादाबाद में पिछले दिन से विजिलेंस टीम डेरा डाले हुए है। नौ और दस अगस्त को हुई परीक्षा में टीम ने सेंटर पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। परीक्षा केंद्र के इर्द गिर्द घूमने वालों की निगरानी की जा रही है। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि भर्ती परीक्षा की पूरी निगरानी की जा रही है, जिसमें रेलवे विजिलेंस की टीम भी लगाई गई है।