मुगलपुरा थानाक्षेत्र के फैजगंज मोहल्ले से शुक्रवार दोपहर अचानक लापता हुए दो सगे भाई दस घंटे बाद मिल गए। दोनों भाई ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। अनहोनी की आशंका में घिरे परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तलाश की तो दोनों बच्चे एक बस में बैठे मिले।
हाथरस जनपद के हाथरस गेट थानाक्षेत्र के निवासी कार चालक हैं। वह परिवार के साथ मुरादाबाद के फैजगंज मोहल्ले में रहते हैं। मुगलपुरा थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर कार चालक के दो नाबालिग बेटे सातवीं और आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं। शुक्रवार दोपहर दो बजे दोनों भाई ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने थाने पहुंचकर इसकी जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि गुरुवार को स्कूटी चलाने को लेकर दोनों भाइयों को मां ने डांट दिया था। इसके बाद से ही दोनों बच्चे नाराज थे। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की तो वह एक बस में बैठे मिल गए। बच्चों ने बताया कि वह पहले जीआईसी मैदान में खेलते रहे। शाम होने पर वह सड़क किनारे खड़ी बस में बैठ गए। बारिश होने लगी तो वह बस से नीचे नहीं उतरे थे। बच्चों के मिलने पर परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। जबकि पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।