लाजपत नगर में बुधवार रात करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। वह अपने पान के खोखे के बाहर त्रिपाल लगा रहा था ताकि बारिश का पानी खोखे के अंदर न आ सके। इसी दौरान लोहे की छड़ खोखे के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से टकरा गई, लोहे की छड़ में करंट उतरने से मौके पर ही किशोर की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
महबुल्ला गंज निवासी विनोद का लाजपतनगर में पान मसाले का खोखा है। वह हलवाई का काम करने देहरादून गए हैं। पिता के न होने पर 17 वर्षीय इकलौता बेटा नीरज खोखे पर बैठने लगा। बुधवार शाम बारिश शुरू होते ही नीरज खोखे से बाहर निकला और त्रिपाल लगाने लगा। इसी दौरान लोहे की छड़ बिजली के तार से टकरा गई। छड़ में करंट उतरने से नीरज झुलस गया। इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने इसकी जानकारी बिजली कर्मचारियों को देकर सप्लाई बंद करा दी। इसके बाद नीरज को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर मां फूलवती और दोनों बहन भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ हादसा
मुरादाबाद। लंबे समय से लाजपत नगर में तार नीचे लटके हुए हैं। लोगों ने कई बार बिजली विभाग में इसकी शिकायत की और जर्जर झूलती लाइन को हटवाने की मांग की । लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया और आज हुए हादसे में किशोर की मौत हो गई।