- मध्य प्रदेश की घटना के विरोध में भाकियू करेगी प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और किसान आज जिले में हाईवे पर चार जगह योग करेंगेे। जाम लगाकर मध्य प्रदेश की घटना का विरोध किया जाएगा और मारे गए किसानों के परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की जाएगी। सुबह नौ बजे से बारह बजे तक हाईवे किसानों के कब्जे में रहेगी। भाकियू पदाधिकारियों ने हाईवे पर किए जाने वाले योग कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर ली है।
भारतीय कियान यूनियन के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह रंधावा ने बताया कि मध्य प्रदेश में किसानों की हत्या कर दी गई। किसान कर्ज माफ की मांग कर रहे थे। जबकि यूपी में घोषणा के बाद भी किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया है। किसान बैंकों के चक्कर लगा लगाकर थक चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। किसान की आमदनी लगातार घटती जा रही है। लेकिन सरकार किसानों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। इस लिए किसान 21 जून को हाईवे पर जाम लगाकर योग करेंगे। उन्होंने बताया कि बिलारी, ठाकुरद्वारा, मूंढापांडे और छजलैट में हाईवे पर योग का कार्यक्रम किया जाएगा। बिलारी मेें भाकियू के तहसील अध्यक्ष रणवीर सिंह, मनोज कुमार, जितेंद्र सिंह, मूंढपांडे में नीटू चौहान, माखन सिंह, रामौतार ठाकुरद्वारा में राजेंद्र सिंह घनेंद्र शर्मा, छजलैट में हरदीप कुमार के नेतृ़त्व में योग कार्यक्रम किया जाएगा। जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह रंधावा ने बताया कि एंबुलेंस एवं स्कूल वाहन, आर्मी वाहनों को नहीं रोका जाएगा। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए पानी की व्यवस्था की गई है। एसपी देहात उदय शंकर सिंह ने बताया कि भाकियू ने चार जगह हाईवे पर कार्यक्रम रखें हैं। वहां प्रयाप्त पुलिस बल लगाया गया है।