नगर निगम के नलकूप का पानी रविवार सुबह चार बजे टाउन हाल बिजलीघर में भर गया। जिससे टाउन हाल और मंडी चौक की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर बारह बजे बिजली घर से पानी निकालने के बाद आपूर्ति चालू कराई गई। बिजली व्यवस्था ठप होने से आठ घंटे तक 70 हजार से ज्यादा की आबादी ने परेशानी झेली।
नगर निगम कार्यालय के बराबर में ही टाउन हाल बिजलीघर है। नगर निगम का वाटर टैंक भरने के बाद पानी बाहर निकलने लगा। बिजलीघर में पानी भर गया। बिजलीघर के सिस्टम और यार्ड में पानी आ जाने से सप्लाई ठप हो गई। सुबह चार बजे से टाउन हाल, मंडी चौक, चौमुखा पुल, अमरोहा गेट, कटरा नाज, बुधबाजार, बाजार गंज समेत कई मोहल्लोें में आपूर्ति ठप होने से बाजार और घरों में लोगों ने खूब परेशानी झेली। रविवार की छुट्टी होने के कारण लोग अधिकांश लोग अपने घरों में ही मौजूद थे। घंटों बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो हाहाकार मच गया। जन्माष्टमी होने के कारण बिजली विभाग के खिलाफ लोगों में आक्रोश पनपने लगा। सूचना मिलने पर बिजली अधिकारी और कर्मचारी भी बिजली घर पहुंच गए। इस बाद इस मामले की जानकारी नगर निगम अधिकारी और डीएम को दी गई। बिजली निगम के एमडी और निदेशक को भी ट्वीट कर निगम की लापरवाही की शिकायत की गई। बिजलीघर में मोटर लगाकर पानी निकाला गया दोपहर बारह बजे बिजलीघर में टेस्टिंग कराने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गई। अधिशासी अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि नगर निगम की लापरवाही से बिजलीघर में पानी भरा था। यार्ड और सिस्टम में पानी आने के बाद आपूर्ति बंद हो गई थी। चार बजे से दोपहर बारह बजे तक आपूर्ति बाधित रही।