कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह सहित 13 लोगों ने नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को पर्चा दाखिल किया। सपा प्रत्याशी हाजी मोहम्मद रिजवान ने दूसरे दिन भी एक और पर्चा भरा। सोमवार को नामांकनपत्रों की जांच की जाएगी।
कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए दावेदारों ने 62 पर्चे खरीदे। हालांकि, नामांकन के अंतिम दिन तक सिर्फ 19 दावेदारों ने ही 23 पर्चे दाखिल किए। सपा प्रत्याशी ने तीन और बसपा प्रत्याशी ने दो फाॅर्म भरे हैं। नियमानुसार नामांकनपत्र मुफ्त मिलता है।
इसके कारण तमाम लोग पर्चे खरीद लेते हैं। इसके अलावा टिकट की दाैड़ में शामिल एक ही दल के कई नेता भी पर्चे खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में वह नामांकन नहीं दाखिल करते। शुक्रवार को भी दो लोगों ने नामांकनपत्र लिया। नामांकनपत्र जमा करते समय चालान जमा करना पड़ता है।
सपा प्रत्याशी मो. रिजवान के बेटे मो. उवैश और भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह के भाई जयवीर सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया। सपाइयों ने कहा कि एहतियात के ताैर पर सपा प्रत्याशी के बेटे का नामांकन कराया गया है। इसी कारण भाजपा प्रत्याशी के भाई ने भी नामांकन दाखिल किया है। दोनों ही दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के नामांकन सही मिलने पर उनके परिजन नाम वापस ले सकते हैं।
नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण शुक्रवार को बड़ी संख्या में दावेदार नामांकन कराने पहुंचे। इसके कारण सुरक्षा व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस ने मंडलायुक्त कार्यालय के दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को बाहर ही रोक दिया था। सिर्फ अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को अंदर जाने की इजाजत थी। चार बैरिकेडिंग पर पूछताछ करने के बाद नामांकनपत्र भरने वालों को अंदर भेजा जा रहा था।