मुरादाबाद। त्योहार के मौके पर घर जाने के लिए जिन यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिला, उनके लिए राहत की खबर है। शुक्रवार शाम को रेलवे ने 13 विशेष ट्रेनें और चलाने की घोषणा की है। विशेष बात यह है कि इन ट्रेनों का डाटा अभी भारतीय रेल पूछताछ सेवा (एनटीईएस) और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है। इसलिए इन ट्रेनों में कंफर्म टिकट पाने की किल्लत यात्रियों को नहीं होगी।
दीपावली और छठ पूजा के मौके पर घर जाने वाले यात्री शनिवार से इन ट्रेनों में बुकिंग करा सकते हैं। त्योहारों के नजदीक आते ही पूजा स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें फुल हो गई हैं। इसके कारण डाउन लाइन यानी गोरखपुर, लखनऊ, बनारस, बिहार, आयोध्या जाने वाले यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा। लंबी प्रतीक्षा सूची होने के कारण यात्री वेटिंग टिकट खरीदना नहीं चाह रहे हैं। ऐसे में इन नई ट्रेनों का चलना उनको राहत देगा। सहायक वाणिज्य प्रबंधक नरेश सिंह ने बताया कि जिन रूटों पर ट्रैफिक ज्यादा है। उन्हें ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने यह आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि इन सभी ट्रेनों का ठहराव मुरादाबाद जंक्शन समेत मंडल के कुछ अन्य स्टेशनों पर भी होगा।
ट्रेनों का विवरण
ट्रेन नंबर कहां से कहां तक
04302 बरेली से बेतिहा
04304 हरिद्वार से सहरसा
04450 आनंद विहार से सीतामढ़ी
04306 बरेली से मधुबनी
05374 टनकपुर से नरकटियागंज
04428 आनंद विहार से जोगबनी
04427 जोगबनी से आनंद विहार
04004 नई दिल्ली से पटना
04303 पटना से नई दिल्ली
04436 आनंदविहार से सहरसा
04435 सहरसा से आनंद विहार
04434 आनंद विहार से जयनगर
04433 जयनगर से आनंद विहार
नोट- ट्रेन संख्या 04404 से 04433 तक की ट्रेनें सप्ताह में केवल दो बार चलेंगी और चार फेरे पूरे करेंगी।