मुरादाबाद। ट्रेन से कटकर कक्षा 12वीं के छात्र की मौत का मामला सामने आया है। छात्र दोस्तों के साथ ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों से खोजबीन शुरू की। बुधवार देर रात आधार कार्ड के जरिए पुलिस ने शव की शिनाख्त की तब परिजनों तक सूचना पहुंची।
मझोला थाना क्षेत्र के सिरकोई भूड़ कांशीरामनगर निवासी अमर सिंह किसान हैं। उनका सबसे छोटा बेटा सुनील 12वीं का छात्र था। बुधवार शाम करीब पांच बजे वह ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। दोस्तों से पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चलसका। परिजनों के अनुसार देर रात पुलिस ने फोन करके बताया कि सुनील का शव सलेमपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला है। आधार कार्ड के माध्यम से उसकी पहचान हुई थी। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। सूचना पाकर पिता अमर सिंह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन आत्महत्या की घटना से इकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। मझोला थाना प्रभारी मुकेश शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।