वेलेंटाइन वीक का बुधवार को किस डे है। अपने प्यार की गहराई को महसूस कराने के लिए इससे सुंदर माध्यम कोई दूसरा नहीं हो सकता है। हर विपरीत परिस्थिति में एक रूमानी किस किसी को भी हौसला देने के लिए पर्याप्त है। यह ऐसा दिन है, जिसके बारे में सुनकर ही शायद प्रेमी जोड़ों की धड़कनें बढ़ जाएं। बाजार में इस दिन को खास बनाने की पूरी तैयारी है।
वात्सल्य और प्रेम का दूसरा रूप किस है। इसके लिए किसी दिन की जरूरत नहीं है, लेकिन इस डे प्रथा के जमाने में जब हर एहसास और हर रिश्ते के नाम एक दिन कर दिया गया है तो फिर किस से दूरी कैसी। यह एक ऐसी भावना है कि जिसके माध्यम से रिश्ते में और मजबूती आ जाती है। प्रेमी जोड़ों के अलावा मां बच्चे का प्यार सबसे खास होता है। दुकानदार अवनीश त्यागी ने बताया कि वैसे तो यह त्योहार प्रेमी जोड़ों के लिए प्रचलित है, लेकिन दूसरे रिश्तों को अनदेखा नहीं किया जा सकता है। किस डे पर कई वैरायटी के कार्ड्स हैं। इसके माध्यम से अलग-अलग रिश्तों के लिए अलग-अलग तरह के संदेश हैं। कुछ में तो पूरे 360 दिन के संकल्प हैं।
दुकानदार संदीप गुप्ता ने बताया कि इस बार युवाओं में वेलेंटाइन डे को मनाने का रुझान बढ़ा है। युवकों के अलावा युवतियां भी मनपसंद उपहार खरीदने के लिए आ रही हैं। टैडी लड़कियों की पसंद में सबसे ऊपर रहता है, इसलिए कपल टैडी की बहुत मांग है। इस बार स्टैच्यू की कई रेंज आई हैं। उसमें लकड़ी के अलावा धातु के स्टैच्यू हैं। इनकी कीमत दो सौ रुपये से शुरू हो रही है।