मुरादाबाद एसोसिएशन ऑफ पब्लिक स्कूल (मैप्स) और कंफ्रेडरेशन ऑफ इंडिपेंडेंट स्कूल के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में सोमवार को फीस अध्यादेश पर प्रधानाचार्यों ने मंथन किया। वक्ताओं ने कहा कि एजूकेशन सीपीआई के पांच फीसदी जुड़कर फीस वृद्धि 11.64 फीसदी हो रही है, लेकिन स्कूलों को नुकसान से बचाने और छात्रहित को ध्यान में रखते हुए फीस नौ फीसदी बढ़ाई जाएगी।
मुख्य अतिथि नवागत पुलिस महानिरीक्षक रमित शर्मा से कानून व्यवस्था संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने के साथ ही पुलिस रेग्यूलेटरी कमेटी बनाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यालय या स्कूल बस की दुर्घटना होने पर पहले समिति की जांच की जाए। आरोप सही पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाए। पुलिस महानिरीक्षक रमित शर्मा ने समिति बनाने का आश्वासन दिया।
मैप्स की अध्यक्ष शीरीन संतराम ने कहा कि कंफ्रेडरेशन ऑफ इंडिपेंडेंट स्कूल से सहारनपुर, गाजियाबाद, मेरठ व अन्य शहरों के लोग जुड़े थे। मुरादाबाद से सभी की प्रतिभागिता के बजाय एक प्रतिनिधि जाते थे। अब सक्रिय रूप से भागीदारी होगी। अलग-अलग शहरों में शिक्षा स्तर को सुधारने के लिए संयुक्त रूप से बैठक भी होंगी। इसके अलावा एक जैसी छुट्टियां घोषित करने का भी निर्णय लिया गया। सभी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए सरकार की नीति का पालन करने का आश्वासन दिया। बैठक में विभिन्न समस्याएं उठने पर कंफ्रेडरेशन ऑफ इंडिपेंडेंट स्कूल के अध्यक्ष विशाल जैन और सचिव राहुल केसरवानी ने स्कूल संचालक, प्रधानाचार्यों की अध्यादेश संबंधी शंकाओं का समाधान किया। विशाल जैन ने बताया कि पश्चमी उत्तर प्रदेश के 12 जिलों में रेग्यूलेटरी कमेटी काम कर रही है। सरकारी अध्यादेश का पालन करना हमारा उद्देश्य है। इस दौरान विपिन जेटली, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. जी कुमार, वंदना छाबड़ा, सुरेंद्र, सुदर्शन सोनार, हेमंत कुमार झा आदि मौजूद रहे।