भगतपुर (मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण की पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के दोनों आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को शुक्रवार को जेल भेजेगी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण ने गांव के ही दो युवकों पर उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर थाना भगतपुर में मुकदमा दर्ज कराया था। युवती के पिता के अनुसार मंगलवार की शाम लगभग 5:30 बजे उसकी पुत्री गांव के पास गन्ने के खेत में शौच करने गई थी। आरोप है कि तभी गांव के दो युवकों ने युवती को पकड़ लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी एक कंपनी के टावर की कोठरी में युवती को ले गए जहां पर उसे रात भर रखा। युवती के पिता के अनुसार सुबह लगभग चार बजे एक युवक का पिता युवती को लेकर उनके घर आया व छोड़कर चला गया। इसके बाद युवती ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी मोहित एवं आकाश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने बताया कि गुरुवार की शाम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को दोनों आरोपी को जेल भेजा जाएगा ।