भदासना हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में बदलने के लिए होने वाले निर्माण का मानचित्र एयरपोर्ट अथारिटी ने मंजूर कर लिया है। पंत नगर एयरपोर्ट के अपर निदेशक एसके सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने शुक्रवार को मानचित्र का अध्ययन करने के बाद इसे हरी झंडी दे दी है। जिला प्रशासन ने इसे निर्माण की फाइनल मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया है। जल्द भदासना हवाई पट्टी पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
भदासना हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में बदलने और यहां से छोटी उड़ानें शुरू करने का एलान सरकार पहले ही कर चुकी है। हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में बदलने के लिए यहां सुरक्षा दीवार, रनवे में सुधार, पुलिस चौकी, प्रतीक्षा कक्ष, वाहन पार्किंग, टॉवर आदि का निर्माण होना है। हवाई पट्टी पर कौन सा निर्माण कहां होना है, इसे लेकर एयरपोर्ट अथारिटी की टीम पहले भी कई बार हवाई पट्टी का निरीक्षण कर चुकी है। इंजीनियरों की नापजोख और तकनीकि रिपोर्ट के आधार पर निर्माण के लिए एक मानचित्र तैयार किया गया था। शुक्रवार को पंत नगर हवाई अड्डे के अपर निदेशक एसके सिंह मुरादाबाद पहुंचे। स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने इस मानचित्र को पास कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अक्तूबर तक जरूरी निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। यहां से दिल्ली और लखनऊ के लिए छोटी उड़ानें शुरू की जाएंगी।