नगर निगम में गृहकर व जलकर में पुराना डाटा डिलीट कर 20 करोड़ 50 लाख रुपये के घपले का खुलासा हुआ है। आठ साल से चल रहा यह खेल पिछले दिनों अधिकारियों की आपसी लड़ाई के बाद सामने आया है। नगर आयुक्त ने डाटा तैयार कराकर इसकी विस्तृत जांच उपनगर आयुक्त को सौंप दी है।
कर निर्धारण अधिकारी की प्राथिमक जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि आउट सोर्सिंग के कर्मचारियों ने कंप्यूटर में पुराना डाटा डिलीट कर यह घपला किया था। केवल मौजूदा टैक्स जमा कराकर खातों को अपडेट कर दिया गया। रिपोर्ट में कहा है कि पुराने बकाया को अवैध धनराशि लेकर डिलीट करने का धंधा 2010 से लगातार चलता रहा है। जिसमें कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे हैं। पिछले दिनों इनके बीच बंटवारे को लेकर हुआ विवाद उच्च अधिकारियों तक पहुंचा था। उसी केबाद जांच बैठाई गई थी।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव ने प्राथमिक रिपोर्ट में खुलासा किया है कि टैक्स के रजिस्टर, नोटिस बुक और बैंकों में जमा कराई गई धनराशि के अभिलेखों से 20 करोड़ 50 लाख रुपये के घपले की पुष्टि हुई है। यह रिपोर्ट 16 फरवरी को नगर आयुक्त के समक्ष पेश की गई थी। अब इस मामले की विस्तृत जांच उप नगर आयुक्त कर रहे हैं। जिसमें इस घपले के लिए अधिकारी और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जानी है। उसी केआधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
घपले की धनराशि (रुपये में) -
.....
वर्ष - गृहकर जलकर
........
2010 695657 676416
2011 2242910 3127802
2012 7894054 9537421
2013 24294647 20190170
2014 17657914 18129576
2015 16509431 5609890
2016 19689790 18160299
2017 जुलाई तक 373762 278041
........................
गृहकर की कुल धनराशि 89358165
गृहकर की धनराशि का ब्याज 20770796
जलकर की कुल धनराशि 75709615
जलकर की धनराशि पर ब्याज 19256155
.....................
कुल धनराशि - 205094731
.....
घपले की धनराशि बहुत ज्यादा है। गड़बड़ी की समय रहते जानकारी न होना समझ से परे है। पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जारही है।
- एसपी श्रीवास्तव, प्रभारी नगर आयुक्त।
...
कंप्यूटर सेक्शन में काम करने वाले आउट सोर्सिंग कर्मियों ने हाउस व वाटर टैक्स की धनराशि में घपला किया है। प्रत्येक घर-दुकान की संख्या व आकार सहित रिपोर्ट तैयार कर नगर आयुक्त को सौंपी गई है। जिसकी उप नगर आयुक्त जांच कर रहे हैं।
- दिनेश यादव, तत्कालीन कर निर्धारण अधिकारी।
...
मुख्य कर निधारण अधिकारी और कर निरीक्षकों को नोटिस जारी किए गए हैं। उम्मीद है एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट पूरी हो जाएगी।
- जगदीश यादव, उप नगर आयुक्त (जांच अधिकारी)।
घपले की मुझे जानकारी नहीं है, नगर आयुक्त से जानकारी मांगी जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-विनोद अग्रवाल, महापौर, मुरादाबाद