नगर निगम ने गुरुवार को भी गागन में साप्ताहिक बाजार नहीं लगने दिया। निगम की टीम ने फड़ व्यापारियों को खदेड़कर उनका सामान जब्त कर लिया। टीम ने जेसीबी से साप्ताहिक बाजार के पास लगे सार्वजनिक नल को भी उखाड़ दिया। इससे व्यापारियों ने प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि, दोपहर बाद सांसद सर्वेश कुमार सिंह की सिफारिश पर साप्ताहिक बाजार लगने से व्यापारियों ने राहत की सांस ली।
गागन तिराहा के पास साप्ताहिक बाजार लगता है। बाजार में चावल, दाल और मसालों और सब्जी के फड़ एवं ठेलियां लगती हैं। सस्ता सामान मिलने के कारण आसपास के लोग साप्ताहिक बाजार का इंतजार करते हैं। व्यापारी भी अमरोहा, संभल, बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों से माल लेकर पहुंचते हैं। प्रदेश में तहबाजारी खत्म हो चुकी है। लिहाजा, नगर निगम अवैध साप्ताहिक बाजार को हटवा रहा है। पिछले गुरुवार को भी नगरनिगम की टीम बाजार हटाने पहुंची थी। पूरे दिन अफरा तफरी के बाद बाजार लगा था।
आज भी नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर बाजार पहुंच गई। व्यापारी अपने फड़ सजाने की तैयारी में जुटे ही थे निगम ने उनका सामान जब्त करना शुरू कर दिया। इससे व्यापारियों में अफरा तफरी मच गई। व्यापारियों ने अपना सामान बटोर लिया। निगम की टीम ने कुछ व्यापारियों की सब्जियां जब्त कर दी। सार्वजनिक नल को तोड़ दिया। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी की। दोपहर तक निगम की टीम और व्यापारी वहीं जमे रहे। दोपहर बाद व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल सांसद सर्वेश कुमार सिंह से मिला। सर्वेश कुमार सिंह शहीद पार्क स्थित उपवास कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। व्यापारियों ने सांसद को अपना दुखड़ा सुनाया। सांसद ने नगर आयुक्त अवनीश कुमार से फोन पर बात की। इसके बाद ही करीब चार बजे से साप्ताहिक बाजार लगा।