बजरंग दल के नेता की बहन की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
मझोला थानाक्षेत्र के सोनकपुर स्थित कांशीराम नगर में बृहस्पतिवार को बजरंग दल के नेता की बहन (17) का शव बेड पर पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि बेटी की गला घोंटकर हत्या की गई है। इसके बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, आरोपियाें में से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वारदात की वजह दोनों पक्षों में दीपावली पर विवाद का होना बताया है।
कांशीराम नगर मे तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट में रिक्शा चालक अतर सिंह अपनी पत्नी कमलेश, बेटी छाया (17), बेटे राहुल (20) के साथ रहते हैं। उनकी बड़ी बेटी मंजू, रेनू और बेटे विकास की शादी हो चुकी है। मंजू अपने परिवार के साथ भोला सिंह की मिलक में रहती है, रेनू भीकनपुर में रहती है। विकास गांगन पर परिवार के साथ रहता है। वह फर्मकर्मी है। कमलेश ने बताया कि वह सोनकपुर स्थित निजी कंपनी में नौकरी करती हैं। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे वह घर से काम पर गई थीं। पति भी रिक्शा चलाने गए थे। बेटा राहुल भी फ र्म में काम करने गया था। राहुल बजरंग दल में बुद्धि विहार प्रखंड का सुरक्षा प्रमुख है। कमलेश ने बताया कि बृहस्पतिवार को घर पर बेटी छाया और विकास की डेढ़ साल की बेटी इशिका मौजूद थे। दोपहर एक बजे कमलेश फर्म में लंच होने पर घर खाना खाने आई। इस दौरान उन्हें फ्लैट के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद मिली। वह दरवाजा खोलकर अंदर गईं तो बेड पर इशिका रो रही थी। अंदर के कमरे में छाया का शव छत पर पंखे के लिए लगे कुंडे में दुपट्टे से बनाए गए फंदे पर लटका मिला। कमलेश ने बताया कि पड़ोस के दो युवकों को बुलाकर उन्होंने बेटी को फंदे से नीचे उतारकर देखा तो उसकी सांसे बंद हो चुकी थी। फंदे पर छाया के लटके होने की सूचना चंद मिनटों में कालोनी में फैल गई। मामला बजरंग दल के नेता से जुड़ा होने के कारण बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। एसएचओ मझोला हरीशचंद्र जोशी ने बताया कि पुलिस को बजरंग दल के एक कार्यकर्ता ने फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस को सुसाइड नोट या सामान गायब नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।