मुरादाबाद। उमस भरी गर्मी में बिजली ने मंगलवार को रातभर लोगों को रुलाया। आधी रात शहर में ब्लैक आउट हो गया। पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। रात दो बजे रामगंगा विहार और मझोला कंट्रोल से इमरजेंसी कटौती कर दी गई। करीब दो घंटे रही कटौती से लोग परेशान हो गए। वहीं सिडौला कुंदरकी बिजलीघर पर लोगों ने बिजली नहीं मिलने पर हंगामा किया। यही हाल बुधवार को दिन में भी रहा। कई बार बिजली सप्लाई गुल रही।
मंगलवार की रात जब लोग सो रहे थे तो अचानक शहर की बिजली गुल हो गई। इसके बाद पूरा शहर ब्लैक आउट हो गया। रात दो बजे की गई ये इमरजेंसी कटौती रामगंगा विहार और मझोला कंट्रोल से की गई थी। रात दो घंटे तक लोग अंधेरे में रहे। इस दौरान लोग उमसभरी गर्मी में पसीना-पसीना हो गए। गर्मी ने सताया तो लोग कमरों से निकल छतों पर चले गए। जहां मच्छरों से परेशान रहे। दो घंटे बाद चार बजे ब्लैक आउट खत्म हुआ। बिजली सप्लाई बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ पीके गोयल ने बताया कि इमरजेंसी में बिजली कटौती गई थी। बाद में बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई। दूसरी ओर सिडौला कुंदरकी बिजलीघर पर पहुुंचे लोगों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों का आरोप था कि कई दिनों से गांव में बिजली सप्लाई नहीं दी जा रही है। ब्यूरो