सरकार की इनकम डिक्लेयरेशन स्कीम सफल रही। मुरादाबाद चार्ज (जोन) में ही 120 करोड़ रुपये की काली कमाई की घोषणा की गई। कुल 125 लोगों ने अपनी घोषित आय और संपत्ति का ब्योरा आयकर विभाग को दिया।
इन लोगाें पर तीस प्रतिशत आयकर के साथ ही 15 फीसदी का सरचार्ज सहित कुल 45 फीसदी टैक्स लगाया गया। आयकर विभाग के खातें में 54 करोड़ रुपये जमा हुए आईडीएस स्कीम का 30 सितंबर को अंतिम दिन था। शुक्रवार को आयकर विभाग के दफ्तर रात 12 बजे तक खोले गए।
अंतिम तिथि को देर शाम से अघोषित आय और संपत्ति घोषित करने वालों की संख्या में तेजी आई। स्कीम की घोषणा के बाद बेहद सुस्त रफ्तार रही थी, लेकिन आयकर विभाग के ताबड़तोड़ छापों का असर भी दिखाई दिया। अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही आय की घोषणा करने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी।
अंतिम तिथि को देर रात तक लोग आयकर विभाग के दफ्तर पहुंचते रहे। मुरादाबाद चार्ज में कुल 125 लोगों ने अपने काले धन की घोषणा की है। इन सभी ने कुल मिलाकर 120 करोड़ रुपये की संपत्ति का रिकार्ड आयकर विभाग को दिया है।
मुरादाबाद चार्ज में मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, संभल, चंदौसी, बदायूं आते हैं। इन सभी पर 45 प्रतिशत का टैक्स वसूला गया। इनसे आयकर विभाग को कुल 54 करोड़ रुपये वसूले गए हैं। पंकज खत्री आईटीओ हेडक्वार्टर ने बताया कि मुरादाबाद चार्ज में 125 लोगों ने कुल 120 करोड़ रुपये की संपत्ति की घोषणा की है।