दिल्ली हाईवे स्थित गांगन चौराहे पर कोहरे में वाहन टकराने पुल के नीचे गिरा कंटेनर और ट्रक।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे कोहरे की वजह से बारह बारह वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत भी हो गई। वहीं, अन्य वाहनों में सवार आठ लोग घायल हो गए। इस दौरान एक ट्रक वाहनों से टकराने के बाद पुल से नीचे भी गिर गया। हादसे की वजह से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात चालू करवाया।
घने कोहरे के चलते यह हादसा दिल्ली हाईवे पर कटघर क्षेत्र में गांगन पुल के पास हुआ। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि खाद से लदा ट्रक रुद्रपुर से राजस्थान जा रहा था। इस दौरान ट्रक चालक विष्णु ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रक रुक गया। पीछे आ रहे ट्रक चालक को कोहरे के चलते रुका ट्रक दिखाई नहीं दिया और दोनों ट्रक आपस में टकरा गए। इसी तरह एक के बाद एक करके 10 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में मूंढापांडे थाना क्षेत्र के नाजरपुर निवासी बाइक सवार राम सरन (27) और कमल सिंह यादव उर्फ भूरा (28) की मौत हो गई। इसके अलावा इनोवा कार सवार रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रहने वाले साहिल अरोड़ा व उनकी मां बबीता अरोड़ा भी घायल हो गईं। हादसे में ट्रक में सवार तौफ ीक, अजमत जहां और शबीना निवासी इमलाक थाना कटघर व ट्रक चालक विष्णु सिंह और चालक रामकुमार निवासी काटेपुतली थाना परागपुर जयपुर (राजस्थान), एक अन्य वाहन में सवार देवेश निवासी बाबूगढ़ छावनी हापुड़ घायल हो गए। हादसे के दौरान वाहनों से टकरा एक ट्रक पुल से नीचे गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भिजवाया। हादसे की वजह से हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात चालू करवाया। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।