मुरादाबाद। रेल पटरियों की मरम्मत और इंजनों के फेल होने की वजह से पहले ही रेल संचालन बाधित हो रहा था। अब मालगाड़ियों के दो हिस्सों में बंटने के मामले अचानक बढ़ गए। मंडल में औसतन हर तीसरे दिन मालगाड़ियां दो हिस्सों में बंट रही हैं। जिसका सीधा असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है।
मंडल से गुजरने वाली लांग हाल मालगाड़ियों (दो मालगाड़ियों को एक साथ जोड़ना) की संख्या बढ़ा दी गई हैं। जिससे इंजनों पर अधिक लोड पड़ रहा है। जिस कारण इंजन जवाब दे रहे हैं। अब अधिक लोड की वजह से डिब्बों को आपस में जोड़ने वाली कपलिंग भी टूट रही है। जिससे मालगाड़ियां दो हिस्सों में बंट रही हैं। सोमवार को भी ऐसा हुआ है। बरेली चंदौसी मार्ग पर करैंगी के पास मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। इससे पहले मुरादाबाद रेल मंडल के हापुड़ में कपलिंग टूटने की वजह से मालगाड़ी दो हिस्सों में बंटी थी। 13 मार्च को मंडल में दो कपलिंग टूटने से दो मालगाड़ियां दो हिस्सों में बंट गई थी। अगर आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए तो हर तीसरे कपलिंग टूट रही है। जिससे मालगाड़ियां दो हिस्सों में बंट रही हैं।