दरोगा बनने के सपने लेकर पहुंचे मैदान में पहुंचे अभ्यर्थियों के कदम बारिश ने रोक दिए। 23 वीं वाहिनी के मैदान में पानी भर जाने की वजह से मंगलवार को दौड़ परीक्षा स्थगित कर दी। मंगलवार को 837 अभ्यर्थियों की दौड़ होनी थी। अब इन अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा सात जुलाई को कराई जाएगी। जबकि बुधवार को लड़कियां दरोगा बनने के सपनों के साथ मैदान में दौड़ लगाएंगी।
23 वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा (सब इंस्पेक्टर) के 3306 पदों के लिए दौड़ परीक्षा कराई जा रही है। रविवार से यहां परीक्षा चल रही है। मंगलवार को सुबह और शाम दो पाली में 837 अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जानी थी। सुबह 507 अभ्यर्थी की दौड़ थी। जिसमें चार अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जबकि शाम को 330 अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा थी। सोमवार की रात बारिश होने से 23 वीं वाहिनी के मैदान में पानी भर गया था। मंगलवार सुबह अधिकारी मैदान में पहुंचे और उन्होंने निरीक्षण करने के बाद भर्ती बोर्ड को इसकी जानकारी दी। भर्ती बोर्ड के आदेश पर दौड़ परीक्षा स्थगित करा दी गई। अब इन इन अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा सात जुलाई को कराई जाएगी। बुधवार को लड़कियों की दौड़ परीक्षा है। दरोगा के 3306 पदों में 600 महिला दरोगा के हैं। लिखित परीक्षा पास कर चुकी लड़कियाें को दौड़ परीक्षा के लिए बुलाया गया है। डिप्टी एसपी गजराज सिंह ने बताया कि मंगलवार को 837 अभ्यर्थियों की रेस होनी थी। जिसमें पांच अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। मैदान में पानी भर जाने की वजह से दौड़ स्थगित कर दी गई है। बुधवार को महिला अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जाएगी।