18 साल पहले सड़क हादसे में पति को खोने वाली महिला की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा दलपतपुर के पास हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालक कार लेकर मौके से भाग गया है। इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।
मैनाठेर के मधपुरी में रहने वाली फूलवती (56) के परिवार में तीन बेटे, पांच बेटी हैं। महिला रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक समारोह से बाइक पर भांजे जसपाल और भतीजे शीशपाल के साथ घर जा रही थी। रास्ते में बस से बाइक का हैंडिल टकरा गया और वह नीचे गिर गई। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने महिला को कुचल दिया। फूलवती के पति नगर निगम में कार्यरत थे, 18 साल पहले उनकी भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद उन्हें नगर निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नौकरी दी गई थी। एसएचओ मूंढापांडे अजय गौतम ने बताया कि जल्द ही इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।