जिला अस्पताल के चादरों का हर दिन बदलेगा रंग
- वार्ड के बेडों पर हर दिन अलग-अलग रंग बिछेंगी चादरें
- दिन के हिसाब से जारी होगा चादरों का रोस्टर
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
जिला अस्पताल के वार्डों में बेडों पर बिछने वाली चादरें अब रंगबिरंगी होगी। मरीज के बेड पर हर दिन अलग-अलग रंग की चादरें होंगी। किस दिन किस रंग की चादरें बिछेंगी इसका रोस्टर जारी किया जाएगा। फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने तीन रंग की चादरें मंगा ली है। वहीं चादरों की धुलाई के लिए लाउंड्री की शुरुआत कर दी गई है।
जिला अस्पताल की वार्डों में मरीजों के बेडों पर सफेद रंग की चादरें बिछाई जाती है। जिन्हें रोजाना बदला जाता है। सफेद होने के चलते ये चादरें जल्दी गंदी हो जाती हैं। अस्पताल प्रशासन ने सफेद की जगह रंग बिरंगी चादरें बिछाने का निर्णय लिया है। ताकि मरीजों को घर जैसा माहौल दिया जा सके। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने हरे, नीले और गुलाबी रंग की चादरें मंगा ली है। अस्पताल प्रभारी एसआईसी डा. अशोक कुमार ने बताया कि तीन कलर की चादरें मंगा ली गई है। अलग-अलग दिन में अलग-अलग चादरें बिछाई जाएंगी। जल्द तीन और कलर की चादरें मंगाई जाएगी। चादरों के बिछाने के रोस्टर जारी किए जाएंगे।